Monday, December 31, 2012

नव वर्ष 2013 की हार्दिक शुभकामनाएं


     नव वर्ष-2013 की अशेष शुभकामनाएं
                                                                   

                                                                         

                                  (प्रेम सागर सिंह)
                    
               रात के बाद नए दिन की सहर आएगी
 दिन नहीं बदलेगा तारीख़ बदल जाएगी।

 जिस तरह से बालू हाथ से सरक जाता है ठीक देखते ही देखते वर्ष -2012 का एक छोटा सा सफर भी गुजर गया, पड़ाव आया, चला गया । चलिए, अब दूसरे सफर पर चलते हैं । दूसरा सफर शुरू करते हुए भी निगाहें बार-बार पीछे की ओर मुड़ती हैं, गुजरे पड़ाव की ओर। पीछे मुड़कर देखता हूं तो मुझे कतई यह नहीं लगता  कि गुजरा साल उसके पहले गुजर कर खत्म हो गए सालों से कहीं अलग था।  2011 भी  2010 की तरह था और  2009 भी 2008 की तरह । लेकिन फिर भी यह यकीन करने को जी चाहता है और मुझे यह यकीन है कि  2013 जरूर कुछ नई सौगातें, उम्मीदें और सपने लेकर आएगा । 
लगता है कि गुजरते वक्त के साथ साहित्य, कला, सिनेमा यानी कला की समस्त विधाओं पर बस एक ही चीज हावी होती जा रही है और वह है बॉलीवुड। चारों ओर सिर्फ बॉलीवुड, बॉलीवुड की हस्तियों का ही बोलबाला है । किसी को ठहर कर यह सोचने की जरूरत नहीं कि कला का कोई और रूप भी हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन रही है, लेकिन सिर्फ सिनेमा  की और वह भी बॉलीवुड सिनेमा की । बराक ओबामा आते हैं तो भी बॉलीवुड के गाने बजते हैं। कोई नई फिल्म रिलीज होते ही फिल्मी कलाकार टेलीविजन के पर्दे पर आकर समाचार पढ़ने लगते हैं। हर जगह सिर्फ उन्हीं सितारों को महत्व दिया जाता है। हम यह स्वीकार ही नहीं करते कि शास्त्रीयता भी कला का रूप हो सकती है और वह भी उतने ही सम्मान और महत्व की हकदार है। बड़े मीडिया हाउसों में भी बॉलीवुड ही कला का प्रतिनिधित्व करता है। यह स्थिति चिंतनीय है। पिछले वर्ष  हमारे दो महत्वपूर्ण कलाकारों को ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामांकन हुआ । एक हैं मशहूर तबला वादक संदीप दास और दूसरे सारंगी वादक ध्रुव घोष\” इतनी महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद भी उनका कहीं जिक्र भी नहीं है। क्या हम एक ऐसा समाज रच रहे हैं, जहां संगीत, कला सिर्फ मुन्नी बदनाम हुई”, या हुक्का ऊठा जरा चिल्लम जरा या भोजपुरी का गीत सईयां के साथ रजईया में, बड़ा नीक लागे मड़ईया में ……तक ही सीमित होगी। क्या संस्कृति और आत्मिक गहनता के नाम पर हम अपने बच्चों को सिर्फ यही दे पाएंगे ? क्या हमारी सांस्कृतिक समझ या हमारे कला चिंतन का दायरा इसके आगे नहीं जाता ? हम बच्चों को बचपन से ही सिखाते हैं कि ये  कैमरा बहुत महंगा है, इसे संभालकर रखना। महंगे मोबाइल को संभालकर इस्तेमाल करना । लेकिन क्या हमने उन्हें कभी यह सिखाया कि दादी जो गाना गाती हैं, वह बहुत कीमती है। उसे भूल मत जाना। संभालकर रखना। नानी त्योहार पर जो गीत सुनाती हैं, उसे भी हमेशा याद रखना। हम कभी अपने बच्चों को उन सांस्कृतिक  धरोहरों का महत्व नहीं समझाते और न कहते हैं कि इन्हें सहेजकर, बचाकर रखना। हमें बस वही बचाना है, जिसमें पैसा लगा है। सिर्फ धन को सहेजना है। किसी भी समाज के विचारों और चिंतन की ऊंचाई उस समाज की सांस्कृतिक गहराई से तय होती है और गुजरे सालों में यह गहराई कम होती गई है। सन्  2005 और 2006 में सरकार को बच्चों के पाठ्यक्रम में कला को अनिवार्य करने का सुझाव दिया गया था और उस पर सहमति भी बन गई थी। लेकिन वह अब तक लागू नहीं हो पाया है। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस वर्ष यह संभव हो पाएगा। यदि यह लागू होता है तो हमें परफॉर्मिग आर्ट से ज्यादा कला के शास्त्रीय पक्ष पर जोर देना चाहिए  यह बहुत जरूरी है कि बच्चों और आने वाली पीढ़ियों को बचपन से ही कला को  समझने और उसका सम्मान करने का संस्कार दिया जाए। उनके लिए संगीत का अर्थ सिर्फ फिल्मी संगीत भर न हो। वह अच्छे चित्र, अच्छे संगीत और गंभीर अर्थपूर्ण सिनेमा को समझें और उसके साथ जिएं। वर्ष  2013 में कुछ ऐसे बदलाव होने जा रहे हैं, जिससे मुझे काफी उम्मीदें हैं । लोकपाल बिल के साथ-साथ सरकार कॉपीराइट कानून में भी कुछ महत्वपूर्ण परिवर्तन करने जा रही है,जो इस वर्ष लागू होंगे। यदि कॉपीराइट कानून बदल गया तो कलाकारों की स्थिति थोड़ी मजबूत होगी। दूसरी महत्वपूर्ण चीज है, स्वतंत्र प्रकाशन की । इसके पहले किसी कलाकारको अपनी कला को लोगों को तक पहुंचाने के लिए किसी बड़ी म्यूजिक कंपनी का मोहताज होना पड़ता है। लेकिन इंटरनेट ने इसे मुमकिन बना दिया है कि किसी  कंपनी के आसरे बैठे रहने के बजाय कलाकार खुद इंटरनेट के माध्यम से अपनी कला  को जन-जन तक पहुंचा सकते हैं। यह आत्मनिर्भरता बहुत महत्वपूर्ण भूमिका अदा  करेगी, ऐसी मुझे उम्मीद है। नया वर्ष भारतीय कला-संगीत, खेल-कूद, जेनेरिक मेडिसीन, कानून एवं आई.टी एक्ट के क्षेत्र में    स्त्रियों की अस्मिता की रक्षा भरा विविधता का भी वर्ष होगा। कव्वाली और गजल जैसी विधाएं जो लगभग विलुप्त होती जा रही थीं, अब उनकी भी रिकॉर्डिग हो रही है और उन्हें जिंदा रखने का प्रयास किया जा रहा है। कला जीवन के लिए ठीक वैसे ही अनिवार्य और हमारे अस्तित्व का हिस्सा है, जैसे कि हमारी सांसें हैं । निश्चित ही इसी राह से बेहतर मनुष्यों का निर्माण किया जा सकता है और बेहतर मनुष्य ही मिलकर बेहतर समाज बनाते हैं ।जीवन की हर गति बाजार, धन और मुनाफे से नहीं तय होती। जीवन इसके आगे भी बहुत कुछ है। सिर्फ देह नहीं, इसके साथ मन है, आत्मा है एवं सुखद जीवन की एक दार्शनिक विचार भी सन्निहित है। बंधुओं, नया साल-2013 रहा  है, हम सबके लिए अंतहीन खुशियों का सौगात लेकर। नव वर्ष के लिए मैं उन तमाम ब्लॉगर बंधुओं को जो इस ब्लॉग के यात्रा में मेरे संगी रहे है, यदि मुझसे बडे़ हैं, तो उनको सादर प्रणाम एवं लघु जनों को नित्य प्रति का स्नेहाशीष । विधाता से मेरी कामना है कि आने वाला वर्ष आप सबको मनोवांछित फल प्रदान करने के साथ-साथ वो मुकाम एवं मंजिल तक भी पहुचाएं जहाँ तक पहुँचने के लिए आज तक हम अहर्निश प्रयासरत रहे हैं। इस थोड़े से सफर में जाने या अनजाने में मुझसे कोई त्रुटि हो गयी हो तो मैं आप सबसे क्षमा प्रार्थी हूँ । नव वर्ष-2013 के लिए मंगलमय एवं पुनीत भावनाओं के साथ...आप सबका ही.....प्रेम सागर सिंह।


प्रस्तुत है मेरी एक कविता  जिंदगी इस आशा और यकीन के साथ कि यह कविता भी मेरी अन्य प्रस्तुतियों की तरह आप सबके दिल में थोड़ी सी जगह पा जाए।

               
   जिंदगी

काफिला मिल गया था मुझे-
कुछ अक्लमंदों का
और तब से साल रहा है मुझे
यह गम
कि जिंदगी बड़ी बेहिसाबी से मैंने
खर्च कर डाली है
पर जाने कौन आकर
हवा के पंखों पर
चिड़ियों की चहचहाहट में
मुझे कह जाता है-
जिंदगी का हिसाब तुम भी अगर करने लगे
तो जिंदगी किस को बिठाकर अपने पास
बड़े प्यार से
महुआई जाम पिलाएगी !
किसके साथ रचाएगी वह होली
सतरंगी गुलाल की !
किसके पास बेचारी तब
दुख-दर्द अपना लेकर जाएगी !
कह जाता है मुझे कोई रोज
चुपके-चुपके, सुबह-सुबह।

***********************************************************************

Wednesday, December 26, 2012

रामविलाश शर्मा


  मार्क्सवादी धारा के प्रवर्तक : डॉ. रामविलाश शर्मा
 

                         
                     प्रेम सागर सिंह


रामविलाश शर्मा हिंदी ही नही, भारतीय आलोचना के शिखर व्यक्तित्व हैं। उनके लेखन से पता चलता है, आलोचना का अर्थ क्या है और इसका दायरा कितना विस्तृत हो सकता है। वे हिंदी भाषा और साहित्य की समस्याओं पर चर्चा करते हुए बिना कोई भारीपन लाए जिस तरह इतिहास, समाज, विज्ञान, भाषाविज्ञान, दर्शन, राजनीति यहां तक कि कला संगीत की दुनिया तक पहुंच जाते हैं, इससे उनकी आलोचना के विस्तार के साथ बहुज्ञता उजागर होती है। आज शिक्षा के हर क्षेत्र में विशेषज्ञता का महत्व है। ऐसे में रामविलास शर्मा की बहुज्ञता,जो नवजागरणकालीन बुद्धिजीवियों की एक प्रमुख खूबी है, किसी को भी आकर्षित कर सकती है)  ---  प्रेम सागर सिंह

मार्क्सवाद को भारतीय संदर्भों में व्याख्यायित करने वाले हिंदी के मूर्ध्न्य लेखक रामविलास शर्मा का लेखन साहित्य तक सामित नही है, बल्कि उससे इतिहास, भाषाविज्ञान, समाजशास्त्र आदि अनेक अकादमिक क्षेत्र भी समृद्ध हैं। साहित्य के इस पुरोधा ने हिंदी साहित्य के करोड़ों  हिंदी पाठकों को साहित्य की राग वेदना को समझने और इतिहास के घटनाक्रम को द्वंद्वात्मक दृष्टि से देखने में सक्षम बनाया है, इसलिए भी उनका युगांतकारी महत्व है। अपने विपुल लेखन के माध्यम से वे यह बता गए हैं कि कोई भी चीज द्वंद्व से परे नही है, हर चीज सापेक्ष है और हर संवृत्ति (Phenomena) गतिमान है। साहित्यिक आस्वाद की दृष्टि से उन्होंने इंद्रियबोध, भाव और विचार के पारस्परिक तादाम्य का विश्लेषण करना भी सिखाया। अगर मार्क्सवादी नजरिए को स्वीकार किया जाए तो यह भी समझना होगा कि नवजागरण के भी अपने अंतर्विरोध होते हैं। इसलिए उसकी प्रक्रिया में जहां एक ओर विकास दिखाई पड़ता है, वहीं कुछ मामलों में प्रतिगामिता के चिह्न भी उसमे रहते हैं। रामविलाश जी जैसे मार्क्सवादी के स्वामी दयानंद जैसे पुनरूत्थानवादी की ओर आकर्षण को इसी परिप्राक्ष्य में देखा और समझा जा सका है।

रामविलाश शर्मा वह मूर्धन्य आलोचक हैं जिन्हे हिंदी आलोचना में मार्क्सवादी धारा के प्रवर्तक का श्रेय दिया जाता है। वे स्वयं को जीवन भर एक आस्थावादी मार्क्सवादी ही कहते रहे। इसलिए यह थोड़ा आश्चर्यजनक लगता है कि उनके द्वारा प्रतिपादित अवधारणाओं को लेकर सर्वाधिक विवाद हिंदी के मार्क्सवादी विमर्श में ही रहा। आर्यों के भारतीय मूल का होने की धारणा या अठारह सौ सत्तावन की क्रांति अथवा अंग्रेजों के आगमन से पूर्व भारत की आर्थिक स्थिति आदि के बारे में जो कुछ उन्होंने लिखा है,उसमें ऐसी कोई बात नही है, जिसे रामविलाश जी की मौलिक देन कहा जा सके। इतिहास का सामान्य अध्येता भी उन सब बातों से परिचित होता है। हां, नवजागरण की उनकी अवधारणा अवश्य कुछ अलग है. इस अवधारणा पर विचार करने के लिए प्रथमत: मार्क्सवादी इतिहास-दृष्टि का ही सहारा लिया जाना चाहिए। अनंतर अन्य आधारों पर भी उसका परीक्षण किया जा सकता है। नवजागरण मूलत; यूरोपीय इतिहास की वह परिघटना है, जो यूरोपीय संस्कृति और मानसिकता का मध्यकालीनता से अतिक्रमण संभव करती है।। इस दृष्टि से वह एक विशेष ऐतिहासिक परिघटना है, कोई सनातन प्रवृति नही जो बार-बार घटित होती हो। इसीलिए बहुत से आलोचक यह आपत्ति करते हैं कि रामविलाश जी एक आधुनिक अवधारणा को प्राचीन इतिहास पर कैसे लागू कर सकते हैं। उनके मतानुसार नवजागरण केवल एक बार घटित हो जाने वाली ऐतिहासिक घटना नही, बल्कि बार-बार आवृति करने वाली प्रवृति है। यह सवाल करना भी गैर वाजिब नही होगा कि एक रेखीय इतिहास-बोध में आवृति कैसे संभव है।

इन सबके बाद भी रामविलाश जी के लिए नवजागरण का तात्पर्य यूरोपीय इतिहास मे घटित नवजागरण के दौर में विकसित प्रवृतियों तक सीमित  नही है। यह आवश्यक भी नही है कि भारतीय इतिहास की व्याख्या और मूल्यांकन के लिए यूरोपीय इतिहास को आधार और प्रतिमान स्वीकार किया जाए। इसीलिए, इसमें कुछ भी अनुचित नही कि एक मौलिक विचारक की हैसियत से डॉ. रामविलाश शर्मा नवजागरण की ऐसी परिभाषा देते हैं जो उसे किसी एक दौर तक सीमित परिघटना की तरह नही, बल्कि एक आवृत्तिपरक प्रवृति के रूप में व्याख्यायित करती है।

रामविलाश शर्मा जी एक व्यवस्था से दूसरी व्यवस्था में संक्रमण को नवजागरण कहते हैं, जो बदलते हुए आर्थिक संदर्भों के आधार पर विकसित सामाजिक -सांस्कृतिक आंदोलन के रूप में घटित होता है। उसका रूप जातीय जागरण का होता है। दूसरे शब्दों में, नवजागरण किसी समाज के (जिसे रामविलाश जी जाति या नेशन कहना पसंद करते हैं) एक मूल व्यवस्था से दूसरी मूल व्यवस्था में संक्रमण का माध्यम बनता है। मार्क्सवादी नजरिए सेदेखा जाए तो ऐतिहासिक भौतिकवादी की द्वद्वात्मक प्रक्रिया में नवजागरण की इस प्रक्रिया का बार-बार आवृति होना स्वभाविक है- यद्यपि उसका संदर्भ और रूप भिन्न हो सकते हैं। हर मूल्य -सापेक्ष है। जो मूल व्यवस्था एक दौर में गत्यात्मक लगती है वही आगामी दौर के लिए बाधा बन जाती है और उसके अंतर्विरोधों से ही नई गत्यात्मकया मूल्य-व्यवस्था का विकास संभव होता है। इसलिए, रामविलाश शर्मा नवजागरण की एक अपनी परिभाषा निर्मित करते हैं तो मार्क्सवादी इतिहास-दृष्टि के आधार पर उसे वाजिब माना जा सकता है। अगर डॉ. शर्मा नवजागरण की अपनी इस व्यवस्था को मानव इतिहास के किसी भी दौर पर लागू करना चाहें तो कम से कम मार्क्सवादी इतिहास दृष्टि को इसमें कोई आपत्ति नही होनी चाहिए।

लेकिन, आपत्ति तब होती है, जब रामविलाश जी अपनी परिभाषा के मुताबिक नवजागरण को एक व्यवस्था से दूसरी व्यवस्था में संक्रमण की निरंतर प्रक्रिया के बजाय उसे चार चरणों तक सीमित कर देते हैं और यह भी उनके ऐतिहासिक भौतिकवादी आधारों को प्रामाणिक तौर पर पुष्ट किए बिना ही। इतिहास-लेखन में एक अनेक धारा अपुष्ट स्रोतों के आधार पर अनुमानित लेखन करने वालों की भी रही है। यह विडंबना है कि मार्क्सवादी वैज्ञानिकपद्धति में आस्था रखने वालों का लेखन भी इस प्रवृति से पूर्णतया मुक्त नही कहा जा सकता रामविलाश जी का भी। नवजागरण के जिन चार चरणों का जिक्र वे करते हैं, उनमें पहला चरण ऋग्वैदिक काल है, दूसरा उपनिषद काल,तीसरा भक्ति आंदोलन और चौथा चरण हिंदी प्रदेश में 1857 की क्रांति के बाद घटित होता है।इस चौथे चरण के अपने चार चरण हैं।

पर अपने इस विभाजन में रामविलाश जी कही भी कही भी यह स्थापित नही र पाते कि इस वर्गीकरण के पीछे आधारभूत आर्थिक या उत्पादन संबंध क्या है और उसके बिना मार्क्सवादी नजरिए से उसकी पुष्टि नही हो सकती। वह जिस ऋग्वेद को प्रथम भारतीय नवजागरण मानते हैं, उसमें स्वयं उनके ही अनुसार- चिंतन की कई धाराएं हैं. जिस धारा का संबंध दर्शन से है, उसमें प्रमुखता वैज्ञानिक दृष्टिकोण की है अर्थात नवजागरण का मूल वैज्ञानिक दृष्टिकोण है.रामविलाश जी मानवीय विवेक को उत्पादन संबंधों के आधार पर निर्मित मानते हैं या वे एक प्रकार के चिंतन से किसी दूसरे प्रकार के विकास की भाववादी व्याख्या का आग्रह कर रहे हैं। अगर ऋग्वेद उनके अनुसार चिंतन के उच्च शिखर पर पहुंच गया है तो क्या आगामी नवजागरणों का प्रयोजन पुन: पुन: उसी शिखर पर चढने की कोशिश करना है। वे यह मानते हैं कि ब्राह्मण ग्रंथों के रचनाकाल में भूस्वामी वर्ग मजबूत हुआ और उसे ब्राह्मण वर्ग का समर्थन मिला। परंतु, अपनी इस स्थापना के फक्ष में वह कोई सुस्पष्ट प्रमाण प्रस्तुत नही करते।

इसी तरह भूस्वामी वर्ग के उत्तरोत्तर और सुदृढ हो जाने की स्थितिथ में उपनिषदों में ऐसा चिंतन कैसे विकसित हो सका, जिसने स्वयं रामविलाश जी के शब्दों में, ऋग्वेद को इस जाल से मुक्त कर दिया। उपनिषदों में यज्ञ की एक आध्यात्मिक व्याख्या अवश्य मिलती है, जो उसे कर्मकांड से मुक्त करने की अवश्य कोशिश करती है; लेकिन यज्ञ-व्यवस्था से मुक्ति का वास्तविक प्रयास तो बौद्ध और जैन विचार प्रणालियों द्वारा हुआ, जिसे रामविलाश जी नवजागरण के संदर्भ में नही याद करतेखास तौर पर तो बौद्ध दर्शन को तो नवजागरण का माध्यम माना ही जाना चाहिए था,जो आत्मा के अस्तित्व को स्वीकार नही करता। रामविलाश जी की इस बात से असहमत नही हुआ जा सकता कि भारत में एक और नवजागरण की आवश्यता है। यह बात भिन्न है कि रामविलास जी स्वयं मार्क्सवाद में अपनी आस्था घोषित करते रहे जबकि अन्य लोगों ने मार्कसवाद का अतिक्रमण कर नवमानववाद का विकास किया ।

इनसे भिन्न सर्वोदय दर्शन भी एक व्यव्स्था से दूसरी व्यवस्था में संक्रमण के लिए सौम्यतर सत्याग्रह यानि वैचारिक क्रांति को प्रमुखता देता है। तीनों का तात्विक आधार-भूमि भिन्न है, पर भारतीय समाज में पूंजीवादी साम्राज्यवादी और संप्रदायवादी प्रवृतियों के प्रतिरोध और एक न्यापूर्ण व्यवस्था के विकास के लिए नवजागरण की अपरिहार्यता सभी महसूस करते हैं। सभी पुरस्कारों की राशि का साक्षारता के लिए विनियोग रामविलाश जी की नवजागरण की प्रक्रिया में सहभागी होने की सदिच्छा का ही प्रमाण है। रामविलाश शर्मा के संपूर्ण कृतित्व का लेखा जोखा रखने के क्रम में यह बताना आवश्यक है कि दो खंडों में लिखी गई उनकी पुस्तक भारतीय संस्कृति और हिंदी प्रदेश की विषय सामग्री राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य के व्यापक प्रश्नों की व्याख्या प्रस्तुत करती है। साहित्यकार का जब कोई बड़ा मकसद होता है और वह छोटे आरोप- प्रत्यारोप से ऊपर उठकर कोई बड़ निशाना बनाता है, तभी वह ऐसा साहित्य दे पाता है, जो इतना सुगठित हो, विपुल और सार्थक भी। रामविलाश शर्मा जी कि निम्नलिखित कुछ प्रमुख कृतियां हमें उनकी विचारधारा एवं संघर्षशीलता के दस्तावेज के रूप उनका परिचय प्रदान कर जाती हैं।

दोस्तों, यह पोस्ट उनकी साहित्यिक उपलब्धियों की संपूर्ण प्रस्तुति नही है बल्कि उन्हे याद करने का एक माध्यम है जिसे मैंने आपके सबके समक्ष सार-संक्षेप में प्रस्तुत किया है। आशा ही नही अपितु पूर्ण विश्वास है कि इस पोस्ट पर आपकी प्रतिक्रिया मेरे लिए इस क्षेत्र में प्रकाशस्तंभ का कार्य करेगी। धन्यवाद सहित।

कृतिया : -

आलोचना एवं भाषाविज्ञान : -1.प्रगतिशील साहित्य की समस्याएं 2. भाषा, साहित्य और संस्कृति 3.लोक जीवन और साहित्य 4.रामचंद्र शुक्ल और हिंदी आलोचना 5.स्वाधीनता और राष्ट्रीय साहित्य 6. आस्था और सौंदर्य 7. स्थायी साहित्य की मूल्यांकन की समस्या 8.निराला की साहित्य साधना (तीन खंड) 9.नई कविता और अस्तित्ववाद 10.सन् सत्तावन की राज्य क्रांति 11.भारत में अंग्रेजी राज्य और मार्क्सवाद 12. भारत के प्राचीन भाषा परिवार 13 ऐतिहासिक भाषाविज्ञान और हिंदी भाषा 14 मार्क्स और पिछड़े हुए समाज 15.भारतीय संस्कृति और हिंदी प्रदेश आदि।

नाटक: - 1.सूर्यास्त 2.पाप के पुजारी 3. तुलसीदास 4. जमींदार कुलबोरन सिंह 5. कानपुर के हत्यारे

उपन्यास : - चार दिन

अनुवाद:- स्वामी विवेकानंद की तीन पुस्तकों का  1. भक्ति और वेदांत 2.कर्मयोग और राज रोग एवं स्टालिन द्वारा लिखित सोवियत संघ की कम्युनिस्ट पार्टी



*************************************************************************************************************